Breaking News

महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ का दीक्षांत समारोह संपन्‍न, बोलीं राज्‍यपाल- पढ़ाई के साथ कौशल सीखकर प्राप्‍त करें रोजगार

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के तृतीय दीक्षांत समारोह में मंगलवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को डिग्री के साथ रोजगारपरक कौशल हासिल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाना भी है। विश्वविद्यालयों को ऐसे छोटे अवधि के सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने चाहिए, जिनसे विद्यार्थी अपनी नियमित पढ़ाई के साथ कोई अतिरिक्त कौशल सीखकर रोजगार प्राप्त कर सकें। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में दोपहर के बाद उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए रोजगार की जरूरत वाले विद्यार्थियों को चिह्नित किया जाए। उनकी रुचि के अनुसार दो-तीन माह के सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जाएं। इससे विद्यार्थियों के पास नियमित डिग्री के साथ अतिरिक्त प्रमाणपत्र होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सीखना कभी समाप्त नहीं होता। व्यक्ति को आजीवन विद्यार्थी बने रहना चाहिए। उन्होंने अपने एमएड करने का उदाहरण देते हुए कहा कि नौकरी के दौरान भी उन्होंने शनिवार और रविवार को विश्वविद्यालय जाकर पढ़ाई की। महिलाओं और अन्य ऐसे लोगों के लिए भी ऑनलाइन बिक्री, केवाईसी सहित अलग-अलग रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाने चाहिए, जो पढ़ना और अपने काम में आगे बढ़ना चाहते हैं। राज्यपाल ने बताया कि दीक्षांत समारोह के तहत 63,084 उपाधियां डिजीलॉकर पर अपलोड की गई हैं। इनमें 42,724 छात्राएं और 20,360 छात्र शामिल हैं। कुल उपाधियों में छात्राओं की हिस्सेदारी करीब दो तिहाई है। उन्होंने छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बेटियां उच्च शिक्षा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की संख्या कम होने का कारण भी पूछा। बताया गया कि बड़ी संख्या में युवक रोजगार की तलाश में मुंबई सहित दूसरे शहरों में चले जाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे युवाओं को स्थानीय स्तर पर कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में भी विश्वविद्यालय को काम करना चाहिए। दीक्षांत समारोह में 74 विद्यार्थियों को 88 पदक प्रदान किए गए। इनमें 48 छात्राएं और 25 छात्र शामिल रहे। राज्यपाल ने पदक विजेताओं के साथ उनके अभिभावकों को भी बधाई दी।

Image 1 Image 1

Check Also

भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी अजीत चौबे का गाजीपुर में हुआ भव्य स्वागत

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं सोनभद्र के पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत चौबे …