Breaking News

सोनभद्र: अनियंत्रित पिकअप बाइक को टक्‍कर मार ट्रैक्‍टर ट्राली से भि‍ड़ी, दो की मौत- तीन घायल

सोनभद्र। मधुपुर-नौगढ़ मार्ग पर बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी चार वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा सोनभद्र-चंदौली सीमा के पास जरलहवा बस्ती के समीप रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गया। जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी विजय अपनी पत्नी ममता (25) और चार वर्षीय पुत्री मिठ्ठी के साथ बाइक से जा रहे थे। मधुपुर क्षेत्र की जरलहवा बस्ती के पास विजय बाइक खड़ी कर सड़क किनारे स्थित गुमटी से पानी लेने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पास खड़ी ममता और उनकी मासूम पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और कुछ दूरी पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। ट्रॉली में मधुपुर की झपरी बस्ती से खपरैल लादकर लोग वापस डुमरिया गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली पर सवार नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी नग्गू राम (60) पुत्र चेखरी तथा रामलखन (60) पुत्र स्वर्गीय बसंतू ट्रॉली के नीचे दब गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विजय और मटरू नामक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …