गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र की अतिप्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में चल रही ऐतिहासिक एवं पारंपरिक रामलीला मंचन के 15वें दिन 20 अक्टूबर, दिन मंगलवार को 60 फुट के रावण पुतले के दहन का भव्य कार्यक्रम 65 फीट के रावण बाड़े (डी), लंका मैदान में आयोजित होगा, सायंकाल 8 बजे राम-रावण युद्ध के उपरांत रावण के पुतले का दहन कमेटी के संरक्षक एवं लोकप्रिय जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल के कर-कमलों द्वारा बटन दबाकर किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह के साथ सम्मानित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कमेटी ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि लंका मैदान में राम-रावण युद्ध से पूर्व मां दुर्गा की प्रतिमा को प्रभु श्रीराम को आशीर्वाद देने की परंपरा के तहत गेट नंबर 4 से लाना होता है। सभी प्रतिमाएं सायं 7 बजे तक ही मैदान में प्रवेश कर सकेंगी। सुरक्षा कारणों से सायंकाल 7 बजे के बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद ऐतिहासिक राम-रावण युद्ध की पारम्परिक लीला का मंचन रावण बाड़े में शुरू होगा और ठीक 8 बजे जिलाधिकारी महोदय के हाथों पुतला दहन होगा। कार्यक्रम को भव्य एवं सुलभ दर्शनीय बनाने के लिए लंका मैदान में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। साथ ही विजयादशमी के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Live Telecast) यूट्यूब और फेसबुक पर भी किया जाएगा। रामलीला कमेटी ने नगरवासियों से सपरिवार लंका मैदान पहुंचकर सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक लीला के साक्षी बनने की अपील की है और साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहारों को मनाने की अपील भी की है। कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा है कि भीड़ में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….