गाजीपुर। राज्यस्तरीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री अलगू यादव इंटर कॉलेज की कक्षा 11वीं की छात्रा शिवांगी मौर्य ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मुरादाबाद में आयोजित 70वीं प्रदेशीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में शिवांगी की इस उपलब्धि से परिवार, खेल जगत और पूरे जिले में खुशी की लहर है। शिवांगी मौर्य पिछले तीन वर्षों से लगातार अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेशीय क्रिकेट टीम में स्थान बनाने में सफल रही हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में मैनपुरी, 2025 में कानपुर और अब 2026 में मुरादाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर निरंतरता और मेहनत की मिसाल पेश की है। क्रिकेट के मैदान पर शिवांगी की यह सफलता उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जिन्हें सामाजिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। शिवांगी ने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और प्रतिभा के बल पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। प्रतियोगिता से लौटकर घर पहुंचने पर शिवांगी का तिलक लगाकर और आरती उतारकर स्वागत किया गया। इस भावुक पल में परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी। स्वागत के दौरान सावित्री देवी भावुक हो गईं। परिवार के लिए यह उपलब्धि गर्व और खुशी का अविस्मरणीय क्षण बन गई। शिवांगी के पिता राजकुमार मौर्य समाजसेवी हैं, जो वंचित समुदायों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर आवाज उठाते हैं। शिवांगी की सफलता ने परिवार के साथ-साथ समाज में भी बेटियों की प्रतिभा और क्षमता का संदेश दिया है। शिवांगी गाजीपुर स्थित क्रिकेट परफॉर्मेंस सेंटर, सहजानंद के मैदान में अभ्यास करती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्रिकेट कोच रंजन सिंह ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिवांगी एक प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उम्मीद है कि वह भविष्य में बड़ी मंजिल हासिल करेंगी। शिवांगी मौर्य की यह उपलब्धि केवल एक मेडल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन सभी बेटियों के लिए उम्मीद की किरण है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उनकी सफलता से गाजीपुर का गौरव बढ़ा है और आने वाली पीढ़ी की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….