वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह करीब छह बजे कश्मीर से सेब लाद कर ट्रक संख्या जेके/09/ए/7761 से झारखंड जा रही तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार दर्शनार्थियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी किशन यादव अपनी स्कॉर्पियो (यूपी 65 ईबी 2199) से साथियों के साथ विंध्याचल दर्शन करने गए थे। दर्शन कर सभी वाराणसी लौट रहे थे। रूपापुर ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो रोककर कुछ युवक सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में आनंद यादव (25) पुत्र बनवारी, निवासी चमाव अहिरान, शिवपुर, आलोक मिश्रा (30), निवासी पिसौर, शिवपुर, प्रदीप सिंह (36) पुत्र योगेंद्र सिंह, निवासी एकला, चोलापुर और विद्वान्शू यादव (30) पुत्र स्व. नवल किशोर यादव, निवासी वीडीए कॉलोनी, शिवपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशन यादव (35), सावन यादव (26), राजकुमार यादव (35) और निखिल उर्फ गोलू (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला और उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। पुलिस ने सेब लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मौका देख चालक भागने में सफल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिचालक को हिरासत में ले ली है। हादसे के कई घंटे बाद मृतकों और घायलों की पहचान हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर डीसीपी नीतू काद्यान्न, एडीसीपी नृपेंद्र, एसीपी राजातालाब वीर सिंह व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….