लखनऊ। यूपी में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की सक्रियता ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। प्रदेश की चुनिंदा और मुस्लिम बहुल सीटों पर ही ओवैसी की ताबड़तोड़ जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं। यह सीटें समाजवादी पार्टी (सपा) की गढ़ भी मानी जाती रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी की नजर विशेष से सपा के उन पारंपरिक सीटों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। एआईएमआईएम की रणनीति के तहत ही स्वार-टांडा, नजीबाबाद, मटेरा, कानपुर कैंट, मुरादाबाद शहर, सहारनपुर शहर और भिनगा जैसी सीटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ये वे सीटें हैं जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है और इनमें से अधिकतर पर समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है। ओवैसी इन क्षेत्रों में रैलियां करके सीधे तौर पर मुस्लिम वोट बैंक को साधने की कोशिश में जुटे हैं। अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और माय (मुस्लिम-यादव) समीकरण के भरोसे अपनी चुनावी जमीन मजबूत रखती आई है। ओवैसी अपनी सभाओं में यह आरोप लगाते रहे हैं कि सपा ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है और प्रतिनिधित्व और विकास के मामले में उन्हें दरकिनार किया है। सपा के मजबूत गढ़ों में एएमआईएमआई का यह सीधा दखल मुस्लिम वोटों में विभाजन की स्थिति पैदा कर सकता है। ओवैसी ने पिछले कुछ दिनों में जिन सीटों पर जनसभाएं की हैं उनमें से ज्यादातर मुस्लिम बहुल होने के साथ ही सपा के कब्जे वाली सीटें हैं। सोमवार को ही ओवैसी ने रामपुर के स्वार-टांडा में जनसभा की। यहां मुस्लिमों की आबादी 70 फीसदी है। सपा महासचिव आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम यहां से 2022 में विधायक बने थे। सजा के बाद विधायकी चली गई और उपचुनाव में अपना दल के सफीक अहमद अंसारी विधायक बने। बिजनौर की नजीबाबाद सीट पर भी ओवैसी की जनसभा हुई थी। यहां 48 फीसदी मुस्लिम हैं। सपा ने 25000 वोटों से यह सीट जीती थी। बहराइच की मटेरा में 45 फीसदी वोटर मुस्लिम हैं। यहां से तो ओवैसी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष शौकत को प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। लंबे समय से सपा के पास यह सीट है। पिछली बार दस हजार वोटों से सपा ने यह सीट जीती थी। इसी तरह कानपुर कैंट सपा में मोहम्मद हसन 20 हजार वोटों से जीते थे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….