Breaking News

जौनपुर: विवाद के बाद कमरे में मिला नवविवाहित दंपती का शव, चार महीने पहले हुई थी शादी

जौनपुर। जिले में खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में बृहस्पतिवार को कमरे में दंपती गोविंद और नेहा के शव मिले। पत्नी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पति फंदे से लटका था। बुधवार की रात दोनों में विवाद हुआ था। दोनों की लगभग चार महीने पहले शादी हुई थी। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। उधर, गोविंद के बुजुर्ग पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के साथ बेटे-बहू रहते थे। ऐसे में दोनों की मौत से उनके बुढ़ापे का सहारा छीन गया। तिसौली गांव निवासी मिठाईलाल के पुत्र गोविंद (22) की शादी 10 मई को सुल्तानपुर जनपद की नेहा (20) से हुई थी। खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। बुधवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों कमरे में चले गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे गोविंद के पिता ने बाहर से आवाज लगाई लेकिन कमरे से काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर पिता ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर गोविंद का शव फंदे से लटका था, जबकि नेहा का शव बेड पर पड़ा था। पुलिस ने गोविंद के शव को उतारा। कमरे की तलाशी ली गई लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। वहीं, नेहा के शरीर पर भी चोट के निशान नहीं पाए गए। तिसौली गांव में बेटे-बहू की मौत ने बूढ़े पिता मिठाईलाल की जिंदगी में ऐसा सन्नाटा भर दिया, जिसे शायद कभी नहीं भरा जा सकेगा। घर में गोविंद, नेहा और 70 वर्षीय मिठाईलाल ही रहते थे। गोविंद की मां की पहले ही मौत हो चुकी थी। जिस बेटे को बुढ़ापे की लाठी मानकर जिंदगी काटने की उम्मीद थी, वही अब नहीं रहा। पिता का दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो जा रही थीं। विक्रम लक्ष्मण सिंह, थानाध्यक्ष खुटहन ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच की जा रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने बाढ़ पीडि़तों में वितरित किया राहत सामग्री

गाजीपुर। उपजिलाधिकारी जमानिया निधि ने बताया कि तहसील जमानियां क्षेत्रान्तर्गत बाढ़ प्रभावित ग्रामों का गुरुवार …