जौनपुर। थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम तथा स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करी और लूट की वारदातों में संलिप्त चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर शैलेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। एएसपी आयुष श्रीवास्तव के अनुसार, मुहर्रम के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि बगथरी नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर केराकत की ओर भाग निकले हैं। सूचना पर मल्लूपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर शैलेश यादव घायल हो गया, जबकि शेष तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते हैं और बड़ी खेप बेचने जा रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन देशी पिस्टल, 10 तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में शैलेश यादव निवासी पतौरा (थाना केराकत), पीयूष यादव निवासी सरोज बड़ेवर (थाना केराकत), करन यादव निवासी लेबरुआ (थाना चंदवक) तथा एक बाल अपचारी शामिल हैं। घायल शैलेश यादव को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, शैलेश यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अवैध असलहा, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट समेत जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जनपदों में 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना केराकत पर बीएनएस एवं शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….