वाराणसी। चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में EMINDIA 2026 के प्रथम दिन चिकित्सा विज्ञान संस्थान में व्यापक “स्किल मेला” का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के बीच आवश्यक आपातकालीन एवं जीवनरक्षक कौशलों को सुदृढ़ करना था। स्किल मेला में न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी, कार्डियक इमरजेंसी, बेसिक कार्डियोपल्मोनरी लाइफ सपोर्ट (BCLS), एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट (ACLS), पीडियाट्रिक एवं नियोनेटल रिससिटेशन, ट्रॉमा मैनेजमेंट तथा प्वाइंट-ऑफ-केयर अल्ट्रासाउंड सहित अनेक महत्वपूर्ण आपातकालीन कौशलों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को छह प्रमुख कौशल स्टेशनों पर विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में हैंड्स-ऑन अभ्यास का अवसर मिला। कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन चिकित्सा विज्ञान संस्थान,निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार तथा चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. संजय गुप्ता ने किया। स्किल मेला के को-डायरेक्टर प्रो. मनप्रीत सिंह, प्रोफेसर, एनेस्थीसियोलॉजी, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, चंडीगढ़ रहे। प्रो. बिक्रम गुप्ता, प्रोफेसर एवं आयोजन सचिव, EMINDIA 2026 ने कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय किया। डॉ. कविता मीणा ने कोर्स कोऑर्डिनेटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। EMINDIA 2026 के दूसरे दिन, 10 सितंबर 2026 को विभिन्न स्थानों पर पांच विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मैकेनिकल वेंटिलेशन, प्वाइंट-ऑफ-केयर अल्ट्रासाउंड, रीजनल नर्व ब्लॉक, प्रसूति आपातकालीन देखभाल तथा नेत्र संबंधी आपातकालीन देखभाल पर केंद्रित प्रशिक्षण शामिल होगा। EMINDIA 2026 का यह आयोजन आपातकालीन चिकित्सा शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा जीवनरक्षक कौशलों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….