गाजीपुर। नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में नगर पालिका परिषद गाजीपुर ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कुल 84 निर्माण कार्यों, जिनमें नाली एवं सीसी सड़क निर्माण प्रमुख रूप से शामिल हैं, को हरी झंडी मिल गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नगरवासियों को बेहतर सड़क एवं जलनिकासी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। नालियों के निर्माण से जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, वहीं सी0सी0 सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम एवं बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है। नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें। अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने यह भी कहा कि नगर पालिका परिषद गाजीपुर नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 84 निर्माण कार्यों को कराने से नगर के विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। नगर के सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं का विस्तार ही नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….