गाज़ीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी व निदेशिका डॉ मीना अधमी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष प्रार्थना एवं प्रतिज्ञा के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्व की महत्ता, सकारात्मक सोच और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान कक्षा छह के विद्यार्थियों ने अपनी मधुर गीत प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय एवं संगीतमय बना दिया। वहीं कक्षा नौ के छात्र आदित्य कुमार सिंह ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से दीपावली के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कक्षा दस-ए की छात्रा सेहरीश ने दीपावली के महत्व पर सारगर्भित भाषण प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसी क्रम में कक्षा आठ-ई की छात्राओं ने ‘इको-फ्रेंडली दीपावली’ विषय पर एक लघु नाटक का मंचन किया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण मुक्त दीपावली और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोली प्रतियोगिता, दीया डेकोरेशन, वॉल हैंगिंग एवं लालटेन सजावट जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक अभिरुचि, कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया।विद्यालय के प्राइमरी विंग में भी दीपावली का उत्सव विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। प्रार्थना सभा में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य, गीत एवं भाषण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने बच्चों को विशेष प्रार्थना एवं प्रतिज्ञा दिलाई तथा उन्हें दीपावली के वास्तविक अर्थ, आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटने की भावना से अवगत कराया। प्राइमरी विंग की गतिविधियों का संयोजन माधुरी पांडे एवं कक्षा तीन से पांच की समन्वयक सायमा ज़मन के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ.नदीम अधमी , प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….