Breaking News

बलिया: छठ घाट पर बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

बलिया। छठ घाट पर आस्था और उल्लास का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय अभिषेक यादव की मौत हो गई। मां के साथ छठ पूजा करने पहुंचे अभिषेक को इस बात की भनक भी नहीं थी कि जिस घाट पर वह भगवान भास्कर की आराधना करने आया है, वहीं उसकी जिंदगी का आखिरी पल होगा। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं बेटे की मौत की खबर से मां की दुनिया उजड़ गई। दोकटी थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी राजेश सिंह का पुत्र अभिषेक यादव सोमवार को अपनी मां के साथ गांव के समीप श्री नरहरि बाबा इंटर कॉलेज के पास स्थित छठ घाट पर पूजा करने गया था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ वहां स्थित बिजली के पोल से छू गया। पोल में करंट उतरने के कारण अभिषेक उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूजा की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभिषेक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। मां के साथ पूजा करने निकले बेटे का इस तरह साथ छूट जाना पूरे गांव को झकझोर गया। बैरिया क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Image 1

Check Also

बलुआ घाट जमानियां के अंत्येष्टि स्थल के विकास के लिए शासन ने स्वीकृत किए 42.40 लाख रुपये, जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात

गाजीपुर। नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने …