वाराणसी: आयुर्वेद शिक्षा एवं अनुसंधान को नवीन दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग, आयुर्वेद संकाय, चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों हेतु छह दिवसीय सतत् चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, नई दिल्ली द्वारा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की आयुर्ज्ञान योजना के अंतर्गत प्रायोजित है। इसमें देश के विभिन्न संस्थानों से आए 30 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान एवं आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के मध्य समन्वय स्थापित करना तथा शिक्षकों में अनुसंधानपरक दृष्टिकोण विकसित करना है। इसके अंतर्गत अनुसंधान पद्धतियों, अंतर्विषयक सहयोग, आयुर्वेदिक औषधियों के मानकीकरण, वैज्ञानिक प्रमाणीकरण एवं अनुसंधान कार्यक्रमों के व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS), नई दिल्ली के उपमहानिदेशक डॉ. नारायणम श्रीकांत ने सहभागिता की। समारोह की अध्यक्षता चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार ने की। आयुर्वेद संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. के. एन. मूर्ति आयोजन अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विभागाध्यक्ष प्रो. नम्रता जोशी आयोजन सचिव हैं। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. लक्ष्मी नारायण गुप्ता एवं सह-समन्वयक डॉ. रोहित शर्मा हैं। इस अवसर पर राजन श्रीवास्तव ने संस्थागत एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. नारायणम श्रीकांत ने आयुष क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा आयुर्वेद की वैश्विक स्वीकार्यता के लिए साक्ष्य-आधारित अनुसंधान की आवश्यकता पर बल दिया। प्रो. एस. एन. संखवार ने आयुर्वेद शिक्षा में अनुसंधान एवं नवाचार को अभिन्न अंग बताया। प्रो. के. एन. मूर्ति ने शैक्षणिक उन्नयन एवं सहयोगात्मक अनुसंधान के महत्व को रेखांकित किया। प्रो. नम्रता जोशी ने कहा कि यह सीएमई कार्यक्रम ज्ञान-विनिमय, अनुसंधान क्षमता-विकास एवं शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण मंच है।उद्घाटन समारोह के पश्चात शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) के पदार्थ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यालय के प्रोफेसर प्रो. प्रलय मैती ने दो व्याख्यान प्रस्तुत किए। आगामी दिनों में आयुष मंत्रालय के नीति निर्धारक, प्रतिष्ठित एवं अनुभवी चिकित्सकों, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) के विशेषज्ञों तथा इस विषय के शीर्षस्थ शिक्षाविदों द्वारा व्याख्यान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इनके अनुभव एवं विशेषज्ञता से प्रतिभागियों को विषय का व्यापक ज्ञान प्राप्त होगा तथा उनके शैक्षणिक, नैदानिक एवं अनुसंधानात्मक कौशल को समृद्ध करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर आयुर्वेद संकाय, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के संकाय सदस्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद शर्मा, प्रो. पी. एस. ब्याडगी, प्रो. के. एम. सिंह, प्रो. दीपा मिश्रा, प्रो. विजय लक्ष्मी गौतम, प्रो. शोभा भट्ट, प्रो. एम. पालीवाल, प्रो. अलका अग्रवाल, प्रो. राशि शर्मा, प्रो. रानी सिंह, वैद्य सुशील दुबे एवं डॉ. अनुराग पांडेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में डॉ. लक्ष्मी नारायण गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।यह छह दिवसीय सीएमई कार्यक्रम आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ने, अनुसंधान की गुणवत्ता एवं व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करने तथा देशभर के आयुर्वेद शिक्षकों के मध्य शैक्षणिक एवं अनुसंधानात्मक सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….