अभिषेक मिश्रा
बलिया। घाट सजा, अरघ्यदान हुआ, घर-घर मंगलगान हुआ,
एक हृदय परदेस में बैठा, मौन स्वयं मेहमान हुआ।
माँ ने दीप जलाए होंगे, द्वार सजाया होगा,
मेरे हिस्से का छठ शायद, गाँव में रह आया होगा।
जिस मिट्टी में खेला बचपन, जिस आँगन में पलते थे,
जिन दीवारों से बतियाकर, सपनों के दिन ढलते थे।
आज उसी चौखट की दूरी, आँखों में जल भरती है,
रोटी की विवशता देखो, त्योहारों पर भारी है।
माँ के हाथों की वह थाली, आज भी याद सताती है,
दूर शहर की सूनी रातें, घर की कथा सुनाती हैं।
पिता ने अपने स्वप्न जलाकर, मेरे स्वप्न सँवारे थे,
धूप स्वयं सहते थे लेकिन, मुझ पर सदा उजियारे थे।
उनके श्रम का ऋण चुकाने, घर से दूर निकल आया,
जिस घर ने चलना सिखलाया, उसी घर से दूर हुआ।
यह कैसी जीवन की गति है, कैसी कठिन कमाई है,
जिसको सुख देने निकले थे, उससे ही जुदाई है।
घाटों पर जब शंख बजेंगे, जल में दीप उतरेंगे,
माँ के अधरों पर प्रार्थना, नयनों में जल भरेंगे।
वह अर्घ्य के जल में शायद, मेरा नाम पुकारेगी,
भीड़ भरे उस घाट किनारे, राह मेरी निहारेगी।
मैं भी अपनी खिड़की से जब, पूरब दिशा निहारूँगा,
उगते सूरज के सम्मुख माँ, तेरा स्मरण उतारूँगा।
यह दूरी कोई दूरी नहीं, यह कर्तव्य की रेखा है,
जिसने घर को थाम रखा हो, उसका मौन ही लेखा है।
जो अपनी नींदें बेच रहे हैं, घर के सपने पाल रहे,
वे भी जीवन के रण में माँ, दीपक बनकर जल रहे।
उनके श्रम को तुच्छ न समझो, उनकी पीर पहचानो,
जो लौट नहीं पाए घर को, उनके मन को जानो।
एक दिवस फिर लौटूँगा मैं, उस पावन चौबारे में,
माँ के चरणों में सिर होगा, दीप होंगे धारे में।
तब तक मेरी ओर से माँ, अर्घ्य तुम्हीं चढ़ा देना,
मेरे हिस्से की भी मैया, एक दुआ बढ़ा देना।
घाट सजा, अरघ्यदान हुआ, घर-घर मंगलगान हुआ,
एक हृदय परदेस में बैठा, गाँव उसी का प्राण हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….