वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के दृश्य कला संकाय का एक चार सदस्यीय शिक्षक एवं कलाकार प्रतिनिधिमंडल 11 से 19 नवंबर 2026 तक इटली की शैक्षणिक एवं कला अध्ययन यात्रा पर है। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय कला, शिल्प, दृश्य संस्कृति और समकालीन डिजाइन की परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ यूरोप की समृद्ध कला, स्थापत्य, संग्रहालयों, कला संस्थानों और रचनात्मक शिक्षा की पद्धतियों का प्रत्यक्ष अध्ययन करना है। प्रतिनिधिमंडल रोम, फ्लोरेंस और वेनिस में विभिन्न कला एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय और यूरोपीय कला परंपराओं के बीच संवाद और संभावित सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में दृश्य कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. जसमिंदर कौर, व्यवहारिक कला विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर प्रो. मनीष अरोड़ा, चित्रकला विभाग (प्रिंटमेकिंग) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेश सिंह तथा व्यवहारिक कला विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर श्री ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया शामिल हैं। इस शैक्षणिक यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण 16 नवंबर 2026 को वेनिस स्थित Ca’ Foscari University of Venice में आयोजित होने वाला विशेष अकादमिक व्याख्यान एवं संवाद सत्र है। ‘Banaras: A Living Visual Tradition’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में काशी की जीवंत दृश्य परंपरा, कला, शिल्प, वस्त्र, चित्रांकन और समकालीन डिजाइन के विविध आयामों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12:15 से 1:45 बजे तक Aula A, Ca’ Cappello में प्रस्तावित है। इस सत्र की मेजबानी विश्वविद्यालय के प्रो. एंटोनियो रिगोपोलोस करेंगे। व्याख्यान में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य यह प्रस्तुत करेंगे कि किस प्रकार बनारस की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत आज भी कला एवं डिजाइन की विभिन्न विधाओं को प्रभावित करती है। गंगा के घाटों, मंदिरों, पारंपरिक चित्रांकन, बनारसी वस्त्रों, हस्तशिल्प और स्थानीय दृश्य संस्कृति से विकसित कलात्मक अभिव्यक्तियों को समकालीन कला शिक्षा और डिजाइन के संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अंतर्गत दृश्य कला संकाय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का परिचय, शिक्षकों की मौलिक कलाकृतियों का प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के साथ खुला संवाद भी आयोजित होगा। इस यात्रा का दूसरा महत्वपूर्ण पड़ाव Accademia di Belle Arti di Venezia (वेनिस की प्रतिष्ठित ललित कला अकादमी) होगा, जहां 16 नवंबर को भारतीय कलाकार-शिक्षकों द्वारा प्रत्यक्ष कला प्रदर्शन (Live Art Demonstrations) और मौलिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। ‘Hands from Banaras’ शीर्षक से प्रस्तावित इस कार्यक्रम में चारों कलाकार अपनी-अपनी विशेषज्ञता के अनुसार दर्शकों के सामने कला सृजन की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन में प्रो. जसमिंदर कौर भारतीय लघु चित्रकला (Miniature Painting) की परंपरा और उसकी तकनीकी विशेषताओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रो. मनीष अरोड़ा ड्राइंग और मिनिमलिस्ट पेंटिंग के माध्यम से रेखा, रूप, संरचना तथा दृश्य अभिव्यक्ति की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। डॉ. महेश सिंह प्रिंटमेकिंग की विभिन्न तकनीकों, उसकी प्रक्रियाओं और प्रिंट आधारित कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करेंगे। वहीं श्री ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया ग्राफिक डिजाइन के दृष्टिकोण से चित्रकला, दृश्य संरचना और समकालीन ग्राफिक भाषा के अंतर्संबंधों को प्रदर्शित करेंगे। इस अवसर पर चारों कलाकारों की लगभग 30 से 40 मौलिक कलाकृतियों का प्रदर्शन भी प्रस्तावित है। अकादमी की प्रो. डायना फेरारा (Engraving) और प्रो. मिरियम पेरतेगातो (Painting) के साथ तकनीक, परंपरा, कला शिक्षा और संस्थागत सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर संवाद होगा। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय पारंपरिक कला विधाओं और यूरोपीय अकादमिक कला प्रशिक्षण के बीच व्यावहारिक एवं वैचारिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाएगा। इटली की यह यात्रा केवल कला प्रदर्शन या पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कला एवं डिजाइन शिक्षा के अध्ययन, अनुभव और ज्ञान के आदान-प्रदान के रूप में देखा जा रहा है। रोम, फ्लोरेंस और वेनिस यूरोप की कला, स्थापत्य, पुनर्जागरण और आधुनिक दृश्य संस्कृति के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन शहरों की कलात्मक विरासत, सार्वजनिक कला, संग्रहालयों, ऐतिहासिक स्थापत्य और समकालीन कला गतिविधियों का अध्ययन प्रतिनिधिमंडल को भारतीय कला शिक्षा के लिए नए दृष्टिकोण प्रदान करेगा। विशेष रूप से वेनिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कला गतिविधियां और वेनिस बिएनाले जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक कला मंच समकालीन कला की बदलती प्रवृत्तियों, नए माध्यमों, प्रयोगधर्मिता और अंतरराष्ट्रीय कलात्मक विमर्श को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। इस संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल की यात्रा भारतीय कला और समकालीन वैश्विक कला परिदृश्य के बीच सार्थक संबंध स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय का दृश्य कला संकाय लंबे समय से भारतीय कला परंपराओं के संरक्षण, अध्ययन, प्रयोग और समकालीन संदर्भों में उनके विकास के लिए कार्य कर रहा है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों से न केवल शिक्षकों को वैश्विक कला परिदृश्य को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी अंतरराष्ट्रीय संस्थानों, शिक्षकों, कलाकारों और कला बाजार से जुड़ी नई संभावनाओं के द्वार खुलते हैं। इस यात्रा के माध्यम से भारतीय कला की स्थानीय जड़ों और वैश्विक रचनात्मक संवाद के बीच एक सेतु स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य बनारस की विशिष्ट कला एवं दृश्य संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करने के साथ-साथ यूरोपीय कला शिक्षा की आधुनिक पद्धतियों, तकनीकी प्रयोगों और रचनात्मक अनुसंधान के अनुभवों को BHU के शैक्षणिक वातावरण से जोड़ना भी है। यह पहल काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में शैक्षणिक सहयोग, संयुक्त कार्यशालाओं, विद्यार्थी एवं शिक्षक विनिमय, कला प्रदर्शनियों और अनुसंधान की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….