Breaking News

बीएचयू के शोधकर्ताओं ने पहली बार अलग म्युटेशन खोजा, भारतीय हिमालयी आबादी में दूध पचाने की क्षमता के नए आनुवंशिक घटक

वाराणसी। देश के 6 संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अध्ययन में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि भारतीय हिमालयी और उससे जुड़ी आबादी में दूध पचाने की क्षमता यानी लैक्टेज टॉलरेन्स से जुड़े कुछ बेहद खास और अनोखे आनुवंशिक म्यूटेशन्स मौजूद हैं। इस विस्तृत वैज्ञानिक शोध की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसमें तीन ऐसे विशिष्ट आनुवंशिक वेरिएंट्स की पहचान की गई है, जिन्हें पहली बार किसी भारतीय आबादी में दर्ज किया गया है। यह महत्वपूर्ण अध्ययन कलकत्ता विश्वविद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और हैदराबाद स्थित ‘सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी’ (सीसीएमबी) के वैज्ञानिकों ने मिलकर किया है। वैज्ञानिकों का यह दल लंबे समय से हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले विभिन्न समुदायों के डीएनए नमूनों का गहराई से अध्ययन कर रहा था ताकि यह पता लगाया जा सके कि उच्च ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में रहने वाले लोग किस प्रकार कठिन परिस्थितियों और खास खान-पान के अनुकूल ढले हैं। कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान के असोशीएट प्रोफेसर डॉ राकेश तमांग के अनुसार, भारतीय हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले कई पारंपरिक समुदाय जैसे कि भूटिया, तामांग, शेरपा और तिब्बती मूल के अन्य जनसमूह सदियों से पारंपरिक पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से गहराई से जुड़े रहे हैं। अध्ययन में इस बात के पुख्ता प्रमाण मिले हैं कि इन पहाड़ी समुदायों में यूरोप और भारत के मैदानी इलाकों में पाया जाने वाला पारंपरिक वेरिएंट तो सीमित मात्रा में है ही, इसके अलावा तिब्बती पठार पर मिलने वाला प्रमुख वेरिएंट भी अच्छी खासी संख्या में मौजूद है। शोध की प्रथम लेखिका शप्तपर्णी डे ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों की अत्यधिक कठोर जलवायु में जीवित रहने और अपने शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए इन समुदायों ने लंबे समय तक दूध और डेयरी उत्पादों का सेवन किया है, जिसके परिणामस्वरूप सहस्राब्दियों की प्रक्रिया के बाद उनके डीएनए में यह सकारात्मक जैविक बदलाव आया है जिसे विज्ञान की भाषा में ‘कन्वर्जेंट इवोल्यूशन’ या सांस्कृतिक-आनुवंशिक सह-विकास कहा जाता है। इस शोध को पुख्ता बनाने के लिए वैज्ञानिकों ने भारत के विभिन्न प्रमुख भाषाई समूहों, जैसे कि इंडो-यूरोपीय, द्रविड़, आस्ट्रोएशियाटिक और तिब्बती-बर्मी भाषी लोगों के जेनेटिक डेटा का आपस में तुलनात्मक विश्लेषण किया। इस व्यापक तुलना से यह बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाली आबादी का जेनेटिक प्रोफाइल देश के मैदानी इलाकों के लोगों का आनुवंशिक ढांचा तिब्बती मूल के काफी करीब बैठता है। सेंटर फॉर जेनेटिक डिसॉर्डर बीएचयू की वैज्ञानिक डॉ चंदना बसु ने कहा कि यह शोध न केवल यह समझने में मदद करेगा कि दक्षिण एशिया और विशेषकर भारत में दूध और लैक्टोज सहनशीलता की शुरुआत कैसे हुई, बल्कि यह प्राचीन मानव प्रवास, ऐतिहासिक व्यापार मार्गों और उच्च ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में शरीर के जैविक अनुकूलन के कई अनछुए और रहस्यमयी पहलुओं से भी पर्दा उठाएगा। बीएचयू के जीन विज्ञानी प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने कहा कि भविष्य में इस दिशा में और अधिक व्यापक जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लिनिकल अध्ययन किए जाने की योजना है ताकि इन आनुवंशिक बदलावों की कार्यप्रणाली को और अधिक सूक्ष्मता से समझा जा सके।

Image 1

Check Also

गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग 2026 के एलिमिनेटर मैच में अजंता अकादमी – ए विजयी

गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (सबद्ध – उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) के तत्वाधान में गाजीपुर के …