Breaking News

एमएमएमयूटी गोरखपुर में 21 व 22 नवंबर को को होगा एलुमनी मीट, आयेंगे पूर्व छात्र रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट उदय कुमार

गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में 21 और 22 नवंबर को दो दिवसीय एलुमनी मीट-2026 का आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र जुटेंगे। आयोजन में दूरसंचार, उद्योग और ऊर्जा क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाले तीन पूर्व छात्र मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान पूर्व छात्र अपने अनुभव साझा करने के साथ विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध, नवाचार और उद्योग जगत के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम में रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट (रेगुलेटरी पॉलिसी) इंजी. उदय कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, उद्योग विशेषज्ञ डॉ. संजय गंभीर और एनटीपीसी जीई पावर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक मोहम्मद अशफाक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। तीनों विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ा चुके हैं। मुख्य अतिथि उदय कुमार श्रीवास्तव ने वर्ष 1983 में तत्कालीन मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक किया था। दूरसंचार क्षेत्र में कई दशकों का अनुभव रखने वाले श्रीवास्तव भारत सरकार के दूरसंचार विभाग, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई), टेलीकॉम इंजीनियरिंग सेंटर और अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे राष्ट्रीय दूरसंचार नीति अनुसंधान, नवाचार एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख भी रह चुके हैं। दूरसंचार नीति, नियामक व्यवस्था और तकनीकी विकास के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय गंभीर वर्ष 1990 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र हैं। उन्हें उद्योग क्षेत्र में 25 वर्ष से अधिक और शोध में नौ वर्ष का अनुभव है। एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकी ढांचे में उनकी विशेषज्ञता है। उन्होंने भारत में एईकॉम के एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग एवं सेमीकंडक्टर प्रैक्टिस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यों को एशिया-प्रशांत, यूरोप और अमेरिका में भी पहचान मिली है। दूसरे विशिष्ट अतिथि मोहम्मद अशफाक भी वर्ष 1990 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र हैं। वर्तमान में वे एनटीपीसी जीई पावर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्हें एनटीपीसी में 33 वर्ष से अधिक का अनुभव है। आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर अशफाक इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, हैदराबाद के भी पूर्व छात्र हैं। वे वर्ल्ड एनर्जी काउंसिल के प्रभारी और पावर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने जी-20 एनर्जी ट्रांजिशन वर्किंग ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य पूर्व छात्रों को संस्थान से पुनः जोड़ना, उनके बीच आपसी संपर्क और सहयोग बढ़ाना तथा वर्तमान विद्यार्थियों को उनके अनुभवों से लाभान्वित करना है। यह आयोजन पुरानी यादों को ताजा करने के साथ शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्योग के बीच साझेदारी के नए अवसर विकसित करने का मंच भी बनेगा। प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों की उपलब्धियां विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेंगी।

Image 1

Check Also

बलुआ घाट जमानियां के अंत्येष्टि स्थल के विकास के लिए शासन ने स्वीकृत किए 42.40 लाख रुपये, जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात

गाजीपुर। नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने …