Breaking News

IMS-BHU में 19 नवंबर को आयोजित होगा 66वां वार्षिक दिवस समारोह और स्वास्थ्य मेला

वाराणसी। चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) के 66 वें वार्षिक दिवस समारोह का आयोजन 19 नवंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे से स्वतंत्रता भवन में किया जाएगा। मुख्य समारोह से पहले, 18 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और 19 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक, IMS के न्यू लेक्चर थियेटर और KN उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की घोषणा करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने बताया कि BHU के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे। प्रो. एम. के. रमेश (चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड; राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, नई दिल्ली), प्रो. संजय तिवारी (अध्यक्षः राष्ट्रीय दंत आयोग, नई दिल्ली), प्रो. हरि मोहन चंदोला (पूर्व निदेशक, चौधरी ब्रह्मप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली) और प्रो. संजय राय (नोडल अधिकारी, IMS-AIIMS समन्वय समिति, एवं समन्वयक, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, AIIMS, नई दिल्ली) इस वार्षिक दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस समारोह की अध्यक्षता IMS के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार स्वयं करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी, प्रो. बी. राम और प्रो. एस. के. भारतीय ने बताया कि वार्षिक दिवस समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और संकाय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले कुल 43 फैकल्टी और नॉन टीचिंग स्टाफ सदस्यों (क्रमशः 6 और 37) को संस्थान में उनके उत्कृष्ट योगदान और सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष के दौरान फैकल्टी सदस्यों द्वारा शुरू किए गए 60 बाहरी अनुसंधान प्रोजेक्ट्स और योजनाओं के लिए कुल 97.7 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई। इसके अतिरिक्त, 801 रिसर्च पेपर प्रकाशित किए गए, 36 सम्मेलन आयोजित किए गए, 41 आउटरीच कार्यक्रम चलाए गए, और उच्च शिक्षण संस्थानों तथा अस्पतालों के साथ 5 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा, छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के बीच शारीरिक और मानसिक फिटनेस को बड़ावा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संस्थान ने एक ‘वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता’ तथा साहित्यिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया था, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वार्षिक दिवस समारोह में खेलकूद, साहित्यिक और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों (नॉन-टीचिंग स्टाफ) के मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य मेला के समन्वयक, प्रो. वी.एन. मिश्रा ने बताया कि IIT-BHU के निदेशक, प्रो. अमित पात्रा इस मेला कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस इस वर्ष स्वास्थ्य मेले में प्रवेश के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम की तरफ से होगा और इसमें IMS का नया लेक्चर थियेटर परिसर भी शामिल रहेगा। मेले में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में आम जनता तक जानकारी आसानी से पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस साल IIT-BHU भी ‘मेड-टेक’ (Med-tech) कॉन्सेप्ट के साथ इस स्वास्थ्य मेले में हिस्सा ले रहा है। चिकित्सा विज्ञान संस्थान, IIT-BHU की मदद से आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों के साथ-साथ इंजीनियरिंग के नए आयामों को आपस में जोड़ने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह स्वास्थ्य मेला चार प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों और IIT के बीच एक सहयोग (कोलैबोरेशन) को प्रदर्शित करेगा। इस स्वास्थ्य मेले के दौरान, हर क्षेत्र के प्रमुख विशेपज्ञ आम जनता तक मेडिकल, डेंटल और आयुर्वेदिक अनुसंधान, प्रशिक्षण और नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करेंगे। संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी ने बताया कि मेले में लगभग 10,000 मरीजों को चिकित्सा सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता मिलने की उम्मीद है, साथ ही वाराणसी शहर के विभिन्न स्कूलों के लगभग 3,000 छात्र भी इसमें शामिल होंगे। प्रो. बी. राम ने बताया कि कार्यक्रमों के सुचारू और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कुल 18 उप-समितियों (सब-कमेटी) बनाई गई हैं। यहाँ कुल 69 स्टॉल लगाने की योजना है, जिनमें से 60 स्टॉल ‘इंटीग्रेटेड मेडिकल डिसिप्लिन’ (एकीकृत चिकित्सा क्षेत्रों) के लिए होंगे, और 9 स्टॉल IIT-BHU के लिए होंगे, जो स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की भूमिका को प्रदर्शित करेंगे। संस्थान के 1000 से अधिक छात्र इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। प्रो. एस. के. भारतीय ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य आदतों के बारे में लोगों को जागरूक करना है। साथ ही, इसमें नवीनतम मेडिकल, डेंटल और नर्सिंग सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। वैद्य सुशील कुमार दुबे एवं डॉ. अखिलेश चंद्र ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेले की मुख्य विशेषताओं में मरीजों के लिए मुफ्त मेडिकल जांच और डायग्रोस्टिक सेवाएं शामिल होंगी। इसके अलावा, संस्थान में चल रहे स्वास्थ्य अनुसंधान कार्यों (रिसर्च प्रोजेक्ट्स) को भी लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्वास्थ्य शिक्षा और जन जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारंपरिक और आधुनिक स्वास्थ्य प्रणालियों को एक साथ लाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। 66वां वार्षिक दिवस और स्वास्थ्य मेला, संस्थान की दीर्घकालिक विरासत और एक स्वस्थ भविष्य के लिए इसके विजन को दर्शाता है। पत्रकारवार्ता को चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. शंखवार, डीन प्रो. संजय गुप्ता, दन्त चिकित्सा के डीन प्रो. अतुल भटनागर, आयुर्वेद संकाय प्रमुख प्रो. के.एन. मूर्ति के आलावा प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी, प्रो. वी.एन. मिश्रा (संयोजक, स्वास्थ्य मेला-2026), प्रो. बी. राम, प्रो. एस.के. भारतीय (संयोजक, वार्षिक दिवस समारोह-2026) ने सम्बोधित किया।

Image 1

Check Also

बलुआ घाट जमानियां के अंत्येष्टि स्थल के विकास के लिए शासन ने स्वीकृत किए 42.40 लाख रुपये, जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात

गाजीपुर। नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने …