Breaking News

आजमगढ़: तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्‍कूटी में मारी टक्‍कर, महिला की मौत-एक घायल

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। सरावां गांव निवासी शिव बचन प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी (50) के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोनों गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कुत्तू परशुरामपुर स्थित ससुराल से हल्दी-मंडप की रस्म में शामिल होने गए थे। 28 अप्रैल को मंजू देवी के मायके में उनके भतीजे की शादी भी होनी थी। जैसे ही दोनों ठेकमा बाजार स्थित मौर्य पुस्तकालय के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद दरोगा पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ घायल महिला को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मंजू देवी अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रेलर वाहन को चौकी इंचार्ज ठेकमा राजेंद्र पटेल ने पीछा कर घेराबंदी के बाद पकड़ लिया। वाहन को ठेकमा चौकी में खड़ा कराया। थाना अध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चंद्रलोक वस्त्रालय से शंकर तिराहा तक सड़क काफी सकरी है, जिसके कारण यहां अक्सर जाम और सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस मार्ग पर पुलिस निगरानी बढ़ाई जाएगी, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी तथा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …