मऊ। जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात बेकाबू कार दीवार से टकरायी जिसमे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घोसी-नदवासराय मार्ग पर सरहरा जमीन सरहरा स्थित लेखपाल ट्रेनिंग सेंटर के पास एक तेज रफ्तार कार मोड़ पर अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घोसी थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रियाज अहमद (25) निवासी मिर्जा जमालपुर, रामाशीष यादव (28) निवासी लारपुर और राहुल (25) को मृत घोषित कर दिया। राहुल के पते की जानकारी अभी नहीं हो सकी है। वहीं मिर्जा जमालपुर निवासी आकाश यादव (25) गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार चारों युवक आजमगढ़ की ओर से आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….