भदोही। कोतवाली क्षेत्र के गिराई पावर हाउस के सामने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार की देर रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार महिला और एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल का उपचार वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। ऊंज थाना क्षेत्र के सिकी चौरा बिछिया निवासी नचना देवी (65) अपने पड़ोस के रोहित कुमार (25) और जौहरपुर निवासी अपने भतीजे तूफानी प्रजापति (35) के साथ एक बाइक पर बैठकर अपने मायके गोपीगंज कोतवाली के जौहरपुर जा रही थी। बाइक रोहित चला रहा था। बताया जा रहा है कि वे जौहरपुर पहुंचने ही वाले थे कि कुछ दूर पहले ही हाईवे पर गिराई पावर हाउस के ठीक सामने एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक करीब 10 मीटर तक घसीटती रही। घटना में नचना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित और तूफानी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन दोनों को गोपीगंज सीएचसी पहुंचाया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रोहित ने भी दम तोड़ दिया। वहीं तूफानी की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इधर, घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने कार सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक रोहित चार भाई में छोटा था।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….