Breaking News

चंदौली: ताड़ीघाट-डीडीयू पैसेंजर ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्‍या  

चंदौली। डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने चलती ट्रेन में एक युवक की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई और दहशत में यात्री अपनी सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। डीडीयू जंक्शन से सुबह लगभग 7:30 बजे खुलने वाली ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग लेकर सवार हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन जैसे ही अलीनगर क्षेत्र पार करते हुए सकलडीहा की ओर बढ़ी, तभी कोच में पहले तेज बहस की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की तेज आवाज से पूरा डिब्बा दहल उठा। यात्रियों ने देखा कि एक युवक लहूलुहान होकर सीट के पास गिर पड़ा। बदमाशों ने युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारी। इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते, दोनों हमलावरों ने घायल युवक को संभलने का मौका नहीं दिया और उसका शव चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री भय के कारण सीटों पर दुबके रहे, जबकि कई लोग दूसरे डिब्बों की ओर भागने लगे। बताया गया कि सकलडीहा क्षेत्र में ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही दोनों बदमाश अंधेरे और ग्रामीण इलाके का फायदा उठाकर ट्रेन से कूद गए और फरार हो गए। घटना की सूचना यात्रियों ने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम और पुलिस को दी। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव बरामद किया गया। शव जहां मिला, उसके एक ओर इब्राहिमपुर गांव है, जो सदर कोतवाली क्षेत्र में आता है, जबकि दूसरी ओर दरियापुर गांव सकलडीहा थाना क्षेत्र में पड़ता है। वहीं कुछमन रेलवे स्टेशन अलीनगर थाना क्षेत्र में स्थित है। घटना के बाद तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोपहर तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। मृत युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जीआरपी ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण से की गई। सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो युवक डीडीयू जंक्शन से ट्रेन में सवार हुए थे। घटना की जांच जीआरपी के साथ स्थानीय पुलिस कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …