आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइल स्टोन के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस उनकी पहचान कर परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।एसपी यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे एक कंटेनर ट्रक में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, सीसी टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को मोर्चरी भेज दिया गया।एसपी यातायात ने बताया कि हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। खबर लिखे जाने तक थाना कंधरापुर में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और असावधानी माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….