Breaking News

मिर्जापुर: तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से पति-पत्‍नी की मौत, दो मासूम बच्‍चे बचे

मिर्जापुर। शक्तिनगर मुख्यमार्ग स्थित महुली चौराहे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आकर दंपती की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बच्चे चमत्कारिक रूप से बच गए। हादसे के बाद माता-पिता के शवों के पास बैठकर बच्चों का रोना देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार सरिया निवासी गौतम अपनी पत्नी फूला और दो बच्चों के साथ अहरौरा बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब दस बजे जैसे ही परिवार महुली चौराहे के पास पहुंचा, सोनभद्र की ओर से राखड़ लादकर वाराणसी जा रहा तेज रफ्तार टेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गौतम और उनकी पत्नी सीधे टेलर के पहिये के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे दोनों बच्चे सड़क किनारे जा गिरे और सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद कुछ पल तक बच्चे समझ ही नहीं पाए कि उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। जब लोगों की भीड़ जुटी और पुलिस मौके पर पहुंची, तब दोनों बच्चे माता-पिता के शवों से लिपटकर रोने लगे। मासूमों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। कई महिलाएं बच्चों को संभालती रहीं, जबकि पुरुषों ने पुलिस के साथ मिलकर टेलर के नीचे दबे शवों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …