Breaking News

सोनभद्र: मेडिकल कालेजों में प्रवेश दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का हुआ भंडाफोड, तीन गिरफ्तार  

सोनभद्र। नीट देने वाले अभ्यर्थियों को निजी कॉलेजों में सीट पक्की कराने का भरोसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। सोनभद्र की साइबर पुलिस ने लखनऊ से सरगना संचित चंद्रा सहित विनय कुमार मौर्या व आकाश सिन्हा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गिरोह के तार यूपी, हरियाणा, आंध्र प्रदेश के साथ ओडिशा तक फैले होने के संकेत मिले हैं। कई बड़े कोचिंग संस्थान और मेडिकल कॉलेज के लोगों से भी गिरोह का जुड़ाव मिला है। गिरोह 2017 से सक्रिय है। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस टीम बृहस्पतिवार को सोनभद्र पहुंची और न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जिला कारागार भेज दिया गया। पिछले दिनों सोनभद्र के एक व्यक्ति ने साइबर थाने पहुंचकर तहरीर दी थी। बताया कि एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर उससे 22 लाख की ठगी कर ली गई है।धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक डीके चौधरी ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि ठगी के तार लखनऊ से जुड़े हैं। एसपी ने छह सदस्यीय टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए। बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग आदि से पता चला कि गिरोह के सरगना सहित तीन लोग लखनऊ के चारबाग बस स्टैंड के पास जूडियो शॉपिंग माल में मौजूद हैं। पुलिस ने कृष्णानगर, लखनऊ के संचित चंद्रा, कंघी-नेवाजगंज, लखनऊ निवासी विनय कुमार मौर्या, सिकंदराबाद (आंध्र प्रदेश) जिले के बोईगपल्ली निवासी आकाश सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से धोखाधड़ी में प्रयुक्त होने वाले मोबाइल फोन के अलावा कई बैंकों के एटीएम कार्ड, रुपये जमा करने की रसीद, एचडीएफसी बैंक का बिना भरा चेक बरामद किया गया है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि संचित के खिलाफ लखनऊ के जानकीपुरम में तीन, जालौन में एक, सोनीपत में तीन मामले धोखाधड़ी और ठगी की रकम हड़पने के दर्ज हैं। यह मामले वर्ष 2018 से 2025 के बीच दर्ज हुए हैं। विनय के खिलाफ जालौन के साइबर थाने में पिछले वर्ष एक मामला दर्ज हो चुका है। गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े पाए गए हैं। इस गिरोह का नेटवर्क कहां तक और किन-किन लोगों से जुड़ा है, इन सारी चीजों की छानबीन और संलिप्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …