Breaking News

नंदगंज और आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में किराना व जनरल स्टोरों पर धड़ल्ले से बिक रहीं अंग्रेजी दवाएं

गाज़ीपुर। नंदगंज कस्बे तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किराना दुकानों, जनरल स्टोरों आदि पर खुलेआम दवाओं की बिक्री किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। औषधि विभाग की कथित उदासीनता के चलते यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र की कई किराना दुकानों और जनरल स्टोरों पर बुखार, दर्द, सर्दी-जुकाम, एलर्जी, पेट दर्द, एलोपैथिक स्किन क्रीम तथा अन्य दवाएं बिना किसी चिकित्सकीय परामर्श और बिना वैध ड्रग लाइसेंस के बेची जा रही हैं। दवा बेचने के लिए ड्रग लाइसेंस अनिवार्य होने के बावजूद संबंधित नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि औषधि विभाग के अधिकारियों द्वारा इन दुकानों की नियमित जांच नहीं की जाती, जिसके कारण किराना,जनरल स्टोरों आदि पर  दवा बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं। यदि समय-समय पर इन दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया जाए तो इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कम कीमत और आसानी से उपलब्ध होने के कारण इन दुकानों से दवाएं खरीद लेते हैं। कई बार दुकानदार स्वयं ही बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के दवा की सलाह भी दे देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन तथा औषधि विभाग से मांग की है कि इन दवा बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सघन जांच की जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में मनाई गई कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती

गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद जी की …