लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पीडीए यात्रा रथ के रंग पर मायावती के भगवा वाले तंज पर पलटवार किया है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने बिना नाम लिए कहा कि सावन के अंधे को हरा ही हरा दिखाई देता है। किसी को रथ का रंग नहीं दिख रहा। कुछ लोगों को आंखों के लिए इलाज कराना जरूरी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर सोमवार को पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने पहले लाल रंग के गमछे दिखाए और फिर उनके फोटो दिखाकर कहा कि कई बार कैमरे में रंग अलग नजर आता है। अभी तो रथ केवल डीजल भरवाने गया था। अभी से घबरा गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले विधान सभा चुनाव में जिन सुरक्षित सीटों पर हम हारे थे, उनको लेकर बैठक की है। संगठन ने यहां काम किया है और जो फीडबैक मिला है, उस पर पार्टी निर्णय लेगी। दावा किया कि इस बार सपा इनमें से रिकार्ड सीटें जीतेगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….