गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार आज जनपद गाजीपुर के विभिन्न विकास खंडों में ‘‘मेरे सपनों का भारत‘‘ विषय के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विकास खंड भदौरा, बिरनो, भांवरकोल, सदर ब्लॉक तथा नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों के कक्षा 5 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से एक सशक्त, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, तकनीकी रूप से समृद्ध और समरस भारत की अपनी परिकल्पना को चार्ट शीट पर जीवंत कर दिया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों में हरित भारत, अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में देश की प्रगति, डिजिटल क्रांति, बालिका शिक्षा तथा राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया। भदौरा, बिरनो, भांवरकोल, सदर और नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति अत्यंत उत्साहजनक रही। शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी रचनात्मकता को मंच प्रदान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस सफल आयोजन पर बच्चों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां न केवल बच्चों की बौद्धिक और सृजनात्मक क्षमता को निखारती हैं, बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण का भी विकास करती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर प्रत्येक विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया। ब्लॉक स्तर पर श्रेष्ठ कृतियों को संकलित कर आगामी जनपद स्तरीय प्रदर्शन के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….