Breaking News

नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, यात्रियों ने उठाई जनहित की आवाज

गाजीपुर। वाराणसी-छपरा रेलखंड पर स्थित नंदगंज रेलवे स्टेशन पर अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और समाजसेवियों ने रेलवे प्रशासन से जनहित को देखते हुए अप और डाउन दिशा की प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।नंदगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन माना जाता है। इसके बावजूद यहां वर्तमान में केवल सद्भावना एक्सप्रेस का ही ठहराव है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी से पहले कई एक्सप्रेस ट्रेनों का नंदगंज स्टेशन पर ठहराव होता था, लेकिन उसके बाद अधिकांश ट्रेनों का ठहराव समाप्त कर दिया गया। इससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार नंदगंज क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए लगभग 18 किलोमीटर दूर गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन और करीब 20 किलोमीटर दूर औरिहार जंक्शन जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और धन दोनों अधिक खर्च होता है। विशेष रूप से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।नंदगंज क्षेत्र में औद्योगिक परिक्षेत्र भी स्थित है, जिसके कारण यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आवागमन करते हैं। बावजूद इसके रेलवे प्रशासन द्वारा एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों में असंतोष व्याप्त है। यात्रियों का कहना है कि यदि प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नंदगंज में हो जाए तो क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर नंदगंज के समाजसेवियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर रेलवे प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। बताया जाता है कि इस अभियान को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। इसके अलावा राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने भी रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी, लेकिन उसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नंदगंज शहीदों की धरती के रूप में जाना जाता है और यहां के लोगों की लंबे समय से यह जायज मांग है कि जनहित को देखते हुए प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों ने रेलवे मंत्रालय और पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन से मांग की है कि नंदगंज रेलवे स्टेशन पर अप और डाउन दिशा की महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सके।

Image 1 Image 2

Check Also

भारत अध्ययन को नई दिशा देने के लिए केंद्रित विषयों को विकसित करने की है आवश्यकता- प्रो. अजित चतुर्वेदी

वाराणसी!। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केन्द्र एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, वाराणसी …