Breaking News

सादात ब्‍लाक में आयोजित हुआ संवाद कार्यक्रम, कायाकल्‍प की खराब स्थिति पर सीडीओ नाराज

गाज़ीपुर। सादात ब्लॉक सभागार में मंगलवार को प्रशासकों, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आलोक प्रसाद और जिला विकास अधिकारी (DDO) राजन राय ने ब्लॉक क्षेत्र के करीब दो दर्जन विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई विद्यालयों में खराब हैंडपंप, शौचालयों की दुर्दशा, साफ-सफाई का अभाव, टूटी चहारदीवारी, टाइलीकरण न होना और किचन की स्थिति खराब है। कायाकल्प के अधिकतर महत्वपूर्ण पैरामीटर पर कार्य अपूर्ण रहने या काम न कराए जाने पर अधिकारी द्वय ने संबंधित सचिवों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि चिह्नित विद्यालयों में अगले तीन से चार दिनों के भीतर कार्य शुरू या समाप्त नहीं कराया गया, तो इसके जिम्मेदार लोगों को गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा और पूरे वित्तीय वर्ष के लिए उनका वेतन रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने एबीएसए, बीडीओ, एडीओ पंचायत और मनरेगा अधिकारी को भी हर हाल में अपूर्ण कार्यों को समय से पूरा करने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। सीडीओ आलोक प्रसाद ने बैठक में मौजूद अधिकारियों, सचिवों और प्रशासकों से कहा कि शासन द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को पूरी ईमानदारी के साथ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाया जाए। उन्होंने सचिवों को विद्यालयों में खेल के मैदान विकसित करने, ओपन जिम बनाने, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट तैयार कर बच्चों का उत्साहवर्धन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने फैमिली आईडी बनाने और गांवों में मॉडल तालाब विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सीडीओ ने एक अनूठी पहल के तहत कहा कि “मेरा गांव खूबसूरत दिखे”, इसके लिए गांवों के मुख्य प्रवेश द्वार पर कोई सुंदर प्रतीक चिन्ह (साइनबोर्ड/स्मारक) भी बनाया जाए। इस समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, खंड विकास अधिकारी केके सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार, एडीओ पंचायत मोहम्मद इरशाद जफर, प्रशासक डॉ. अनिल राय, रमेश यादव, अब्दुल खालिक अंसारी, सुंदर जायसवाल, शिक्षक सूर्य प्रताप सिंह, संतोष कुमार सिंह, शैलेंद्र शर्मा, सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अनुज यादव, शशि यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Image 1 Image 2

Check Also

गहमर पुलिस ने अमित सिंह सहित 10 अभियुक्‍तों को गैंगस्‍टर में किया निरूद्ध

गाजीपुर। थाना गहमर पुलिस द्वारा गैंगलीडर अमित सिंह सहित 10 अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट …