Breaking News

गाजीपुर: वॉकिंग पर निकली देवरानी-जेठानी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत

गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के इस्माईलपुर कोटिशा गांव में रविवार सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से टहलने निकली दो महिलाओं की मौत हो गई। ये दोनों रिश्ते में देवरानी-जेठानी थीं। इस हादसे से परिवार में दुख का माहौल है। गांव निवासी खुशबू कश्यप (35) पत्नी प्रमोद कश्यप अपनी जेठानी कीर्ति कश्यप (40) पत्नी विनोद कश्यप के साथ रविवार सुबह करीब चार बजे रोज की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सैदपुर कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद मृतका के ससुर राममिलन कश्यप, सास रजवंती समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि घर में 10 फरवरी को देवर की शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच देवरानी-जेठानी की मौत से खुशियों का माहौल गम में बदल गया। कीर्ति कश्यप की कोई संतान नहीं थी। वहीं खुशबू अपने पीछे छह वर्षीय बेटे आयुष और चार वर्षीय आदित्य को छोड़ गईं। खुशबू की मौत की खबर के बाद छह वर्षीय आयुष और चार वर्षीय आदित्य मां को तलाशते रहे। मासूमों को शायद यह भी अहसास नहीं था कि अब उनकी मां कभी लौटकर नहीं आएगी। मां के इंतजार में दोनों के रोने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

Image 1 Image 2

Check Also

गोपीनाथ हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर सनेहुआ सलामतपुर गाजीपुर में पूर्वांचल के प्रसिद्ध यूरोलॉजी डा. जितेंद्र यादव मरीजों का करेंगे इलाज

गाजीपुर। गोपीनाथ हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर सनेहुआ सलामतपुर कासिमाबाद गाजीपुर के निदेशक शुभम ने बताया …