गाजीपुर। पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री स्व.चौधरी लालता प्रसाद निषाद के त्रयोदशाह कार्यक्रम के अवसर पर उनके चाड़ीपुर स्थित पैतृक निवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का भी आगमन हुआ और वह भी श्रृद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने चौधरी साहब को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी साहब के निधन से समाजवादी पार्टी ने अपना एक मजबूत सिपाही खो दिया है। वह उसूलों और सिद्धान्तों से लैस थे। पद प्रतिष्ठा के लिए उन्होंने कभी भी अपने उसूलों से समझौता नहीं किया। वह सरलता और सादगी के पर्याय थे। नेता मुलायम सिंह जी के वह बहुत करीबी रहे। मंचों से संबोधन के वक्त चौधरी साहब हमेशा नीचे बैठी जनता को जमींदार और मंच पर बैठे नेताओं को चौकीदार कहकर संबोधित करते थे। यह कहने के पीछे उनका आशय यह रहता था कि लोकतंत्र में जनता ही असली जमींदार है और नेता उनके सेवक। उन्होंने कहा लेकिन आज हुकूमत में बैठी भाजपा सरकार के क्रियाकलापों से राजशाही की गंध आती है। उनकी नजर में जनता का कोई मोल नहीं है। वह आमजनता,छात्र, नौजवान,किसान को कुछ नहीं समझते। दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए छात्र आंदोलन और किसान आंदोलन की चर्चा करते हुए कहा कि यह सबको पुलिस की लाठी गोली के बल पर दबाना चाहते हैं । वह लगातार लोकतंत्र का गला घोंटा रहे हैं। यह सरकार पूरी तरह से सत्ता के मद में चूर है। इस सरकार का जुल्मों सितम काफी बढ़ गया है। जनता के सरोकारों से इस सरकार का कुछ भी लेना-देना नहीं है। यह सरकार केवल पूंजीपतियों और अपने साम्प्रदायिक एजेंडों को मूर्तरूप देने में व्यस्त हैं। यह सरकार अपने अंतिम दिन गिन रही है। देश प्रदेश की जनता इनके जनविरोधी नीतियों से आजिज आ चुकी है। आने वाले विधानसभा के चुनाव में जनता ने इनकी बिदाई करने का मन बना लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर चिट्ठी भेजकर दुख व्यक्त किया है। इस अवसर पर मुख्य रूप से पुर्व राज्यसभा सांसद विशम्भर निषाद, विधायक डॉ विरेन्द्र यादव, विधायक जै किशन साहू,विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा,पुर्व विधान परिषद सदस्य रामवृक्ष यादव, पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, राजकुमार पांडेय,आजाद राय,आदि मौजूद थे। श्रृद्धांजलि सभा के अंत में चौधरी साहब के लड़के राहुल निषाद ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….