वाराणसी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, कमच्छा परिसर स्थित चाणक्य सभागार में बी.एड., बी.एड. (स्पेशल), एम.एड., एम.एड. (स्पेशल) तथा एम.ए. शिक्षाशास्त्र पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकगण सहित प्रशासनिक संरक्षकों ने अपने देश भारत को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। समस्त विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकगण ने नशा मुक्त भारत की शपथ के दौरान संकल्प लिया कि वे किसी भी रूप में अथवा किसी भी प्रयोजन हेतु किसी हानिकारक अथवा नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित करेंगे। उन्होंने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों एवं समाज के हर व्यक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। सभी ने भारत सरकार द्वारा भेजे गए वेब लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भी शपथ ली। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन संकाय प्रमुख प्रोफ़ेसर सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं विद्यार्थी सलाहकार डॉ. सोमू सिंह के संयोजकत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रोफ़ेसर आर.एन. शर्मा, डॉ. अजीत कुमार राय (सह-आचार्य, प्रशासनिक संरक्षक, डॉ आर पी छात्रावास), डॉ. विनोद कुमार सिंह (संरक्षक, एनी बेसेंट छात्रावास), डॉ. के. एच. माने (प्रशासनिक संरक्षक, एनी बेसेंट छात्रावास) तथा डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, शोधार्थी- सोनू कुमार बिन्द, सौम्या सिंह, सुष्मिता सिंह, देवेन्द्र, श्रद्धा यादव, शुभम दास, राम कुमार, कर्मचारी सुधीर कुमार उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….