लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। विश्वविद्यालय के बीटेक, बीबीए तथा बीटेक द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) की उपलब्ध सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो गई है और इन पाठ्यक्रमों की 100 प्रतिशत सीटें भर गई हैं। बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश JEE Main-2026 के माध्यम से तथा बीबीए और बीटेक द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश CUET(UG)-2026 के माध्यम से निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के तहत किया गया। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर वर्ष 2026-27 के लिए इन पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग एवं प्रवेश संबंधी सूचनाएं जारी की गई थीं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि और प्रवेश प्रक्रिया के प्रति अभ्यर्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के चलते निर्धारित समय में सीटों का पूर्ण भर जाना विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, बेहतर आधारभूत सुविधाओं, अनुभवी संकाय तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अकादमिक एवं तकनीकी अवसरों में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। विश्वविद्यालय में बीटेक के आठ प्रमुख पाठ्यक्रम/शाखाओं—कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (IoT), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग तथा केमिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग आयोजित की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीटों के पूर्ण भरने पर विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….