गाजीपुर! श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को बलुआ घाट स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में जयप्रकाश गुप्ता के समर्थन में सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। उपस्थित लोगों ने अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि जमानिया की प्राचीन रामलीला की परंपरा को किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।समर्थकों ने जयप्रकाश गुप्ता से कहा कि “जब तक जान रहेगी, तब तक आप ही रामलीला कराइए।” इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और समिति की पुरानी परंपरा एवं व्यवस्था को बनाए रखने की मांग उठाई गई।बताया गया कि कुछ दिन पूर्व कुछ लोगों द्वारा स्वयं को श्री प्राचीन रामलीला समिति का अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया। इसी बीच आज बैठक की सूचना सामने आने के बाद दूसरे पक्ष द्वारा रामलीला मंच पर पांच दिवसीय हरिकीर्तन प्रारंभ किए जाने की बात सामने आई।मामले की जानकारी मिलते ही जमानिया कोतवाल योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया, जहां क्षेत्राधिकारी जमानिया एवं उपजिलाधिकारी जमानिया की मौजूदगी में दोनों पक्षों से अलग-अलग वार्ता की गई।समाचार लिखे जाने तक रामलीला मंच पर चल रहे आयोजन के संबंध में किस पक्ष को प्रशासनिक अनुमति प्राप्त है, इसकी आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी थी।समर्थकों ने प्रशासन से मांग की कि समिति से संबंधित दस्तावेजों, परंपरागत अधिकार एवं वैधता की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार निर्णय लिया जाए। साथ ही लोगों ने कहा कि जमानिया की वर्षों पुरानी रामलीला परंपरा किसी व्यक्तिगत विवाद की भेंट नहीं चढ़नी चाहिए।स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जमानिया की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी परंपरा है, इसलिए इसका संचालन आपसी विवाद से ऊपर उठकर शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….