Breaking News

कासिमाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ चेकिंग, 15 पर एफआईआर—55 हजार राजस्व वसूला

गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कासिमाबाद क्षेत्र में गुरुवार को विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने सागापाली और झोटारी गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया। तहसीलदार कौशल चौरसिया और अधिशासी अभियंता विनोद कुमार चौधरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। चेकिंग टीम ने कुल 55 घरों की जांच की। इस दौरान 11 उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर अवैध रूप से विद्युत उपभोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि 4 लोग अवैध केबिल के जरिए बिजली का इस्तेमाल करते मिले। विद्युत चोरी के मामलों में कुल 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।अधिशासी अभियंता विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान बकायेदार उपभोक्ताओं से 55 हजार रुपये का राजस्व भी जमा कराया गया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी करते पकड़े जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग के दौरान विभाग की टीम को देखकर कई लोग अपने-अपने शटर और मकान बंद कर मौके से भागने लगे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी कई लोग चोरी से विद्युत का उपभोग कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और पकड़े जाने पर एफआईआर सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है, वे तत्काल ‘झटपट पोर्टल’ के माध्यम से आवेदन कर वैध विद्युत कनेक्शन प्राप्त करें। जिन उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत भार अधिक है, वे स्वेच्छा से डिवीजन अथवा सब-डिवीजन कार्यालय पहुंचकर अपना लोड बढ़वा लें। वहीं, जिन उपभोक्ताओं को विद्युत विधा परिवर्तन कराना है, वे भी कार्यालय पहुंचकर अपना कनेक्शन नियमानुसार दुरुस्त करा लें।साथ ही साथ जो भी उपभोक्ता मीटर बायपास करके चोरी से विद्युत उपभोग कर रहे है वे लोग तत्काल बाईपास हटाकर अपना मीटर से विद्युत उपभोग करे क्योंकि मीटर बायपास करके विद्युत उपभोग करना चोरी के श्रेणी में आता है।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि उपभोक्ता विद्युत चोरी से पूरी तरह बचें और अपने कनेक्शन से संबंधित सभी कमियों को स्वयं दुरुस्त करा लें। दोबारा चेकिंग में चोरी या अनियमितता पकड़े जाने पर विभाग द्वारा कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।चेकिंग टीम में मुख्य रूप से उपखंड अधिकारी कासिमाबाद मनोज कुमार वर्मा,अवर अभियंता श्याम अवध यादव व बड़ेसर थाने की पुलिस मौजूद रही।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: एवरग्रीन, सनसाइन सहित 12 विद्यालयो के 24 वाहनो का एआरटीओ ने किया चालान

गाजीपुर। परिवहन आयुक्त उ0प्र0 लखनऊ, जिलाधिकारी गाजीपुर व पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश के क्रम …