लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आईआईटी पटना में 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय खेल महोत्सव ‘INFINITO’26’ ( इन्फिनिटो 26) में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 16 पदक अपने नाम किए। इनमें 2 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं।प्रतियोगिता में निशू यादव का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 800 मीटर दौड़ और 4×100 मीटर रिले में रजत पदक हासिल किया। सुरभि कुमारी ने लंबी कूद और 4×100 मीटर रिले में रजत पदक पर कब्जा जमाया। सृष्टि ने भी 4×100 मीटर रिले में रजत पदक जीता।कांस्य पदक विजेताओं में आन्या यादव ने 1500 मीटर दौड़ और अंजलि सिंह ने गोला फेंक में सफलता पाई। बालक वर्ग में आलोक दुबे ने चक्र फेंक में रजत पदक जीता, वहीं 4×400 मीटर रिले टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही महिला एथलेटिक्स टीम ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।प्रतियोगिता से लौटने के बाद पदक विजेता खिलाड़ियों ने माननीय कुलपति प्रो अनुपमा कौशिक शर्मा से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। माननीय कुलपति महोदया ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि ” आप सभी भविष्य में भी इसी उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ खेलते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहें। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, आपसी एकजुटता और खेल भावना का प्रतीक है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।” इस अवसर पर छात्र क्रिया-कलाप परिषद के अध्यक्ष एवं खेल उप परिषद के प्रभारी डॉ. राजन मिश्र, पीटीआई अरुण कुमार सिंह तथा जाकिर हुसैन उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….