लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में मिड डे मील योजना में खाना बनाने वाले करीब 3.53 लाख रसोइयों को रविवार को डबल सौगात दी। रसोइयों का मानदेय 1000 रुपये प्रति महीने बढ़ा दिया है। उन्हें अब 2000 के स्थान पर 3000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी गई है। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में सीएम योगी ने रसोइयों को ये डबल सौगात देने के साथ ही एक नसीहत भी दी। उन्होंने रसोइयों से कहा कि कोई भी विश्वासघात कर सकता है। यदि हमने लापरवाही की तो ये बच्चों के जीवन को खतरे में डाल में सकता है। सीएम योगी ने कहा कि यह ध्यान देना होगा कि कोई दुश्मन ऐसा काम न करने पाए जिससे आपके ऊपर किसी को संदेह करने का मौका मिले। रसोई में रसोइयों के अलावा किसी और को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। साफ-सफाई का महत्व समझाते हुए सीएम योगी ने कहा कि कहीं कोई फूड प्वाइजनिंग न होने पाए इसके लिए सतर्क रहना होगा। गंदगी नहीं होनी चाहिए। लापरवाही के चलते कहीं कोई कीड़ा या छिपकली आदि भोजन में न गिरने पाए। कोई भी व्यक्ति आपकी सुरक्षा और मासूम बच्चों के जीवन के साथ विश्वासघात कर सकता है। सतर्क रहना होगा। सीएम योगी ने कहा कि मिड डे मील के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के 1.42 लाख स्कूलों में अध्ययनरत करीब डेढ़ करोड़ बच्चों के लिए अलग-अलग दिन अलग-अलग प्रकार के आहार देने की बहुत अच्छी व्यवस्था बनाई गई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….