Breaking News

प्रत्‍येक नागरिक की जिम्‍मेदारी है पर्यावरण का संरक्षण- कुलपति जेपी सैनी लखनऊ विश्‍वविद्यालय

लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ, लखनऊ विश्वविद्यालय एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व ओजोन दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व ओजोन दिवस की थीम “Global Action for a Cooler Planet” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों में ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, प्लास्टिक उन्मूलन तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से मुख्य पर्यावरण अधिकारी श्री प्रवीण कुमार जी, उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव, उच्च शिक्षा श्री सर्वेश कुमार जी, OSD एवं राज्य संपर्क अधिकारी (SLO), NSS, उत्तर प्रदेश डॉ. मंजू सिंह जी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, लखनऊ विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आनंद बल्लभ जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं कुलगीत प्रस्तुत किए गए। अतिथियों के अभिनंदन एवं सम्मान के उपरांत विश्व ओजोन दिवस के पोस्टर का विमोचन प्रो. अमिता कनौजिया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. मंजू सिंह, OSD एवं SLO, NSS, उत्तर प्रदेश ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रवीण कुमार, मुख्य पर्यावरण अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सर्वेश कुमार, विशेष सचिव, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन ने अपने संबोधन में युवाओं की पर्यावरण संरक्षण में भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. सुप्रिया तिवारी द्वारा मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने ओजोन परत के वैज्ञानिक एवं पारिस्थितिक महत्व तथा पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। NSS स्वयंसेवकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं ओजोन परत की सुरक्षा से संबंधित जागरूकतापरक नुक्कड़ नाटक/स्किट की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने, ऊर्जा संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रतिभागियों एवं NSS स्वयंसेवकों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। रईस कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के समस्त कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजनाओं को कुलपति जी द्वारा सम्मानित भी किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए युवाओं से पर्यावरण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना, लखनऊ विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आनंद बल्लभ जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने माननीय कुलपति, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों, उत्तर प्रदेश शासन के प्रतिनिधियों, मुख्य वक्ता, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, NSS अधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा लखनऊ विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों से आए सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों के बीच “ओजोन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और एक कूलर प्लैनेट” के संदेश को प्रभावी रूप से प्रसारित किया तथा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।

Image 1 Image 2

Check Also

पंचायत सचिवों का मानदेय छह हजार बढ़कर अब होगा नौ हजार रुपये- ओमप्रकाश राजभर

लखनऊ। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एलान किया है कि पंचायत सचिवों का …