Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय का बड़ा शैक्षणिक कदम: हार्वर्ड बिजनेस पब्लिशिंग के साथ हुआ ऐतिहासिक अनुबंध

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक एवं प्रबंधन शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय मानकों के समकक्ष स्थापित करने की दिशा में एक युगांतकारी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने दुनिया की अग्रणी प्रबंधन शिक्षण संस्था हार्वर्ड बिजनेस स्कूल पब्लिशिंग (Harvard Business Publishing – HBP) के साथ एक महत्वपूर्ण ‘साइट लाइसेंस एग्रीमेंट’ किया है।उल्लेखनीय है कि हार्वर्ड की यह विश्वस्तरीय शिक्षण सामग्री और प्रतिष्ठित केस स्टडीज अब तक केवल देश के शीर्ष भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIMs) तक ही सीमित थीं। लखनऊ विश्वविद्यालय देश का पहला ऐसा राज्य विश्वविद्यालय बन गया है, जो अपने छात्र-छात्राओं को यह अंतरराष्ट्रीय सुविधा पूरी तरह से ‘निशुल्क’ (Free of Cost) उपलब्ध करा रहा है। इसका संपूर्ण वित्तीय भार विश्वविद्यालय स्वयं वहन कर रहा है ताकि सामान्य व मध्यमवर्गीय परिवारों के मेधावी छात्र भी बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अंतरराष्ट्रीय स्तर की पठन सामग्री प्राप्त कर सकें।शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर और द्वितीय परिसर में संचालित स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के निम्नलिखित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी अपने प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर में इस सुविधा का सीधा लाभ उठा सकेंगे: स्नातक (UG) स्तर: बीबीए (BBA) और बीकॉम (B.Com) के समस्त पाठ्यक्रमों के  पंजीकृत विद्यार्थी।स्नातकोत्तर (PG) स्तर: मुख्य परिसर एवं द्वितीय परिसर में संचालित सभी विशेषज्ञता वाले एमबीए (MBA) कार्यक्रमों के विद्यार्थी (जैसे— एमबीए, फाइनेंस एंड एकाउंटिंग, मानव संसाधन, मार्केटिंग, इंटरनेशनल बिजनेस, बिजनेस एनालिटिक्स, फाइनेंस एंड कंट्रोल, फार्मास्युटिकल और टूरिज्म मैनेजमेंट आदि)। कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने बताया “लखनऊ विश्वविद्यालय अपने छात्र-छात्राओं को केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें आधुनिक उद्योग और कॉरपोरेट जगत की जरूरतों के अनुरूप सक्षम नेतृत्वकर्ता बनाना चाहता है। अब तक हार्वर्ड बिजनेस पब्लिशिंग की यह उच्चस्तरीय अध्ययन सामग्री देश के गिने-चुने आईआईएम (IIMs) और शीर्ष संस्थानों तक ही सीमित थी। हमें गर्व है कि लखनऊ विश्वविद्यालय देश का पहला ऐसा राज्य विश्वविद्यालय बना है, जो अपने स्नातक (BBA, B.Com) और स्नातकोत्तर (MBA) के समस्त पाठ्यक्रमों के  पंजीकृत  विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क प्रदान कर रहा है। सत्र 2026-27 के प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर से ही हमारे विद्यार्थी वास्तविक कंपनियों की केस स्टडीज और वैश्विक प्रबंधन सिद्धांतों का अध्ययन कर सकेंगे। इससे उनमें तार्किक सोच, रणनीतिक निर्णय लेने की क्षमता और समस्या समाधान का व्यावहारिक कौशल विकसित होगा, जो उन्हें बहुराष्ट्रीय कंपनियों में उत्कृष्ट रोजगार और करियर निर्माण में दूसरों से आगे रखेगा।” प्रो. जे.पी. सैनी, कुलपति, लखनऊ विश्वविद्यालय ने बताया कि इस साझेदारी के अंतर्गत अधिकृत विद्यार्थियों और शिक्षकों को निम्नलिखित अध्ययन सामग्री का डिजिटल एक्सेस मिलेगा: अंतरराष्ट्रीय केस स्टडीज: प्रत्येक छात्र को  प्रमुख हार्वर्ड केस स्टडीज का अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी, जिसमें विश्व की अग्रणी कंपनियों के वास्तविक व्यापारिक निर्णयों का विश्लेषण शामिल है।हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू (HBR) आर्टिकल्स एवं रिप्रिंट्स: दुनिया भर के शीर्ष उद्योग विचारकों और कॉरपोरेट लीडर्स द्वारा लिखित शोध पत्रों, आर्टिकल्स और पत्रिकाओं का अध्ययन।कोर करिकुलम (Core Curriculum): प्रबंधन और वाणिज्य के आधारभूत व उन्नत सिद्धांतों को गहराई से समझाने वाली प्रामाणिक फाउंडेशनल अध्ययन सामग्री।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन आदर्श अत्तावर ने जीता गोल्‍ड

गाजीपुर। 52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 एवं स्पेशल ओलम्पिक प्रतियोगिता के …