लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स की ओर से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के आगामी वार्षिक कार्यक्रम ‘अवलंबन’ के पोस्टर का अनावरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक अवसरों के साथ एसोसिएशन की गतिविधियों और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। कार्यक्रम में डॉ. पवन कुमार कुम्मामुरु, डॉ. पीयूष कुमार तथा एसोसिएशन के समन्वयक एवं मुख्य सलाहकार डॉ. रवि प्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे। डॉ. पवन कुमार कुम्मामुरु एवं डॉ. रवि प्रकाश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ तकनीकी एवं सहशैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एसोसिएशन की कार्यप्रणाली और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के माध्यम से एसोसिएशन की ओर से विगत वर्षों में आयोजित कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र और प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को वरिष्ठ छात्रों से संवाद करने तथा एसोसिएशन की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. ए. के. मिश्र ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सहशैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसोसिएशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स के अध्यक्ष उत्कर्ष पांडेय सहित नारायण त्रिपाठी, अभिनव, तान्या, गर्विता, कौशलेंद्र एवं अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….