Breaking News

गाजीपुर: गोपीनाथ पीजी कॉलेज, देवली, सलामतपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

गाज़ीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को गोपीनाथ पीजी कॉलेज, देवली, सलामतपुर की तरफ से प्राथमिक विद्यालय देवली में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोपीनाथ पीजी कॉलेज की उप प्राचार्या डॉ. अंजना तिवारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा महिलाओं एवं परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता पैदा करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर की जा रही सेवाएं समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और उनके कार्यों को सम्मान देना पूरे समाज का दायित्व है। इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की प्रवक्ता डा. विजय लक्ष्मी त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण की नींव बचपन से ही मजबूत की जानी चाहिए, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। गृह विज्ञान विभाग की प्रवक्ता गीतांजली यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण समाज में महिलाओं और बच्चों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इसी समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। सम्मान समारोह के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की गई। सम्मान प्राप्त करने वाली कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल के लिए आयोजकों का आभार जताया और समाजहित में आगे भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हीरा मणि चौहान, सईदुज़्ज़फर सहित प्राथमिक विद्यालय देवली की समस्त अध्यापिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Image 1 Image 1

Check Also

लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के विद्यार्थियों के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में रोजगार का अवसर

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल, द्वितीय परिसर द्वारा अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के विद्यार्थियों …