लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल, द्वितीय परिसर द्वारा अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के विद्यार्थियों के लिए रक्षा क्षेत्र की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया गया है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा वर्ष 2025-26 बैच के युवा इंजीनियरिंग स्नातकों से ट्रेनी इंजीनियर (कॉन्ट्रैक्चुअल) के पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्लेसमेंट सेल, द्वितीय परिसर के वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. करने वाले 2025-26 बैच के विद्यार्थी पात्र हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति ट्रेनी इंजीनियर के रूप में की जाएगी। नियुक्ति की प्रारंभिक अवधि दो वर्ष होगी, जिसे कंपनी के नियमों के अनुसार एक वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। निर्धारित अवधि एवं प्रदर्शन के आधार पर आगे प्रोजेक्ट इंजीनियर के रूप में कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि चयनित ट्रेनी इंजीनियर्स को प्रथम वर्ष में लगभग ₹4.08 लाख, द्वितीय वर्ष में ₹4.74 लाख तथा तृतीय वर्ष में ₹5.40 लाख तक वार्षिक CTC प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को कैजुअल लीव, गैजेटेड हॉलीडे, चिकित्सा बीमा, साइट अलाउंस, यात्रा एवं डियरनेस अलाउंस सहित विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। निर्धारित सेवा अवधि पूर्ण करने पर ₹1 लाख तक के रिटेंशन बोनस तथा नियमानुसार अन्य लाभ का भी प्रावधान है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 10 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थी निर्धारित लिंक पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं: https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSeYX1ESdbCA97cB4JBD4r6EleMO6c_660op15gzzVG6TH1qXA/viewform
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती पैन इंडिया आधार पर की जा सकती है। संभावित कार्यस्थलों में गाजियाबाद, जम्मू-श्रीनगर, पश्चिम बंगाल, नॉर्थ ईस्ट, हरियाणा एवं पंजाब सहित विभिन्न स्थान शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 70 अंक तकनीकी विषयों तथा 30 अंक सामान्य अभिरुचि के होंगे। परीक्षा में निर्धारित नियमों के अनुसार निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी है। प्लेसमेंट सेल, द्वितीय परिसर के चेयरमैन प्रो. एस.पी. सिंह ने कहा कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी में रोजगार का अवसर विद्यार्थियों के लिए अपने तकनीकी ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा चयन प्रक्रिया में गंभीरता एवं उत्साह के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….