गाजीपुर। प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी और प्रतिबंधित स्थल पर कूड़ा फेंकने के मामले में नगर पालिका जमानियां प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए सफाई नायक रमेश राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सफाई नायक को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वह निर्धारित स्थल के अलावा कहीं भी कूड़ा न गिरवाएं और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें। इसके बावजूद सफाई नायक लगातार आदेशों की अवहेलना कर रहे थे। फुल्ली गांव स्थित रिसोर्स रिकवरी सेंटर पर कूड़ा ले जाने के बजाय काशीराम आवासीय कालोनी के पास कूड़ा डंप कराया जा रहा था। लगातार हो रही इस मनमानी के कारण आवासीय क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल गई, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मामले में विभाग और अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी तक दर्ज हो गई। ईओ संतोष कुमार ने बताया कि विभागीय पूछताछ में सफाई नायक द्वारा उच्चाधिकारियों के निर्देशों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है।अनुशासनहीनता और गंभीर लापरवाही को देखते हुए यह निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….