लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने 17 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर में आयोजित होने वाले चार दिवसीय ( 27-30 अक्टूबर 2026)वार्षिक खेल महोत्सव ‘आरंभ’ का पोस्टर जारी किया। यह वार्षिक खेल महोत्सव विश्वविद्यालय के वर्तमान एवं पुरातन छात्र-छात्राओं की संयुक्त सहभागिता से आयोजित किया जाएगा। ‘आरंभ’ का उद्देश्य विश्वविद्यालय के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों को खेल के साझा मंच पर एकत्रित करना तथा उनके मध्य आपसी समन्वय, सहयोग, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वर्तमान एवं पुरातन विद्यार्थियों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करेगा। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में द्वितीय परिसर के खेल प्रभारी प्रो. अनुराग श्रीवास्तव, छात्र अधिष्ठाता प्रो. अमिता कनौजिया, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी, डीन, विधि संकाय प्रो. आर. के. वर्मा, डीन, इंजीनियरिंग संकाय प्रो. एस. के. सिंह तथा पुरातन छात्र समन्वयक डॉ. उग्रसेन वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिसर के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। चार दिवसीय खेल महोत्सव ‘आरंभ’ में विश्वविद्यालय के वर्तमान एवं पुरातन विद्यार्थी सम्मिलित रूप से भाग लेंगे।जिसमें शतरंज, कैरम, फुटबॉल , टेबल टेनिस इत्यादि खेलो का आयोजन होना है यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, टीम भावना विकसित करने तथा नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सशक्त बनाने का अवसर प्रदान करेगा। लखनऊ विश्वविद्यालय का द्वितीय परिसर शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘आरंभ’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो विश्वविद्यालय परिवार में एकता, उत्साह और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….