गाजीपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में नौली-उतरौली स्थित संत श्रीराम शर्मा आचार्य कन्वेंट स्कूल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्र जागरण नवकुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ रविवार, एक नवंबर को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। एक से तीन नवंबर तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन के प्रथम दिन निकली विशाल कलश यात्रा में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातः नौ बजे यज्ञ स्थल से शुरू हुई मंगल कलश यात्रा में पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश रखकर पूरे गांव का भ्रमण किया। महिलाओं के समूह, सिर पर सुशोभित कलश और मंगल गीतों की मधुर धुन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। यात्रा के दौरान गायत्री माता की जय, यज्ञ भगवान की जय, परम पूज्य गुरुदेव की जय, वंदनीय माता की जय और सनातन संस्कृति की जय के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुरेंद्र सिंह ने मंगल कलश यात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिर पर कलश धारण करना केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि श्रद्धा, पवित्रता और देवत्व को अपने जीवन में धारण करने का प्रतीक है। मान्यता है कि मंगल कलश धारण करने से मनुष्य के अनेक जन्मों के दोष और दुर्गुण दूर होते हैं तथा घर-परिवार में समृद्धि एवं सौभाग्य का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि कलश में आवाहित देवताओं का वास माना जाता है। जब श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ देव आवाहित कलश को अपने सिर पर धारण कर भ्रमण करते हैं, तो देवत्व और सद्भाव की भावना उनके भीतर जागृत होती है। इससे मानव जीवन को श्रेष्ठ और धन्य बनाने की प्रेरणा मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ स्थानीय ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में नौली गांव की पूर्व प्रधान श्रीमती ममता सिंह, धनजी सिंह, अशोक वर्मा, रविंद्र शास्त्री, गीता वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं राम किशोर राय आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए। तीन दिवसीय राष्ट्र जागरण नवकुंडीय गायत्री महायज्ञ के आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार आगामी तीन नवंबर तक यज्ञ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र जागरण, सामाजिक सद्भाव और भारतीय सनातन संस्कृति के मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….