Breaking News

बीएचयू में जॉय ऑफ फ्रीडम’ प्रदर्शनी में तस्वीरों के माध्यम से आज़ादी के विविध रंगों की हुई अभिव्यक्ति

वाराणसी। आज़ादी की भावना और उसके विविध रूपों को फोटोग्राफी के माध्यम से अभिव्यक्त करते हुए काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सिटी डेलिगेसीज स्थित कलासूत्र आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी में सोमवार को ‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ विषय पर आधारित फोटोग्राफी प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। यह प्रदर्शनी देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोहों के तहत आयोजित की गई है। विद्यार्थियों से आज़ादी के विषय पर अपनी भावनाओं और रचनात्मक विचारों को व्यक्त करने के लिए फोटोग्राफ और चित्र आमंत्रित किए गए थे।फोटोग्राफी प्रदर्शनी के लिए 130 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें से 65 चयनित विद्यार्थियों की तस्वीरें प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जा रही हैं। इन तस्वीरों में आज़ादी, भारतीय जीवन, संस्कृति, प्रकृति, समाज और मानवीय संवेदनाओं के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है। प्रत्येक तस्वीर आज़ादी को देखने और समझने का एक अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।प्रदर्शनी में पूर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के 10 सर्वश्रेष्ठ चयनित चित्रों को भी प्रदर्शित किया गया है। यह चित्रकला प्रतियोगिता भी 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा थी। इन चित्रों में आज़ादी की भावना और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विविध रंग देखने को मिलते हैं।प्रदर्शनी का उद्घाटन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी की थीम की सराहना की और प्रदर्शित कृतियों से काफी प्रभावित हुईं। प्रसिद्ध फोटोग्राफर मनीष खत्री मुख्य अतिथि तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस कार्यक्रम में बीएचयू के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रो. रंजन कुमार सिंह और श्री मनीष खत्री ने विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए बीएचयू के प्रयासों की सराहना की। डॉ. सुनील चौधरी, विभागाध्यक्ष, रेडियोथेरेपी विभाग तथा डॉ. (मेजर) रुबीर सहित अन्य निर्णायकों ने फोटोग्राफ का मूल्यांकन किया।इस अवसर पर अतिथियों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में फोटोग्राफी को केवल दृश्य अभिलेखन के माध्यम के रूप में नहीं, बल्कि विचारों, अनुभवों और भावनाओं की प्रभावी अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया गया है।सिटी डेलिगेसीज के वार्डन प्रो. ललित मोहन अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और कला प्रेमी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, वार्डन, नॉर्थ डेलिगेसी, सिटी डेलिगेसीज, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने किया।‘जॉय ऑफ फ्रीडम’ फोटोग्राफी प्रदर्शनी 24 से 31 अगस्त 2026 तक कलासूत्र आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: सपा के बैठक में स्‍नातक एमएलसी चुनाव की बनी रणनीति

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की एक आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय …