Breaking News

गाजीपुर: नवागत अधीक्षण अभियंता पीके सिंह ने संभाला कार्यभार, कहा- उपभोक्ता हित सर्वोच्च प्राथमिकता

गाजीपुर। विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर में नवागत अधीक्षण अभियंता पीके सिंह ने बुधवार, 2 सितंबर को नगर के लाल दरवाजा स्थित सर्किल कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। शासन स्तर से पूर्व में तैनात अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना का तबादला डिस्कॉम कार्यालय वाराणसी किए जाने के बाद उनके स्थान पर पीके सिंह की तैनाती की गई है।नवागत अधीक्षण अभियंता मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले है जिनकी तैनाती पहले अमेठी थी अब वर्तमान में गाजीपुर तैनाती मिली है।कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत अधीक्षण अभियंता ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि उपभोक्ता हित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। नगर, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर मेंटेनेंस सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की व्यवस्था की जाएगी। भविष्य में ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं में संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही मिलने पर उचित कार्रवाई होगी।उन्होंने जिले के सभी विद्युत उपकेंद्रों और बिजलीघरों की टेस्टिंग कराने की बात कही, ताकि तकनीकी खामियों और फॉल्ट को समय रहते दूर किया जा सके तथा विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा जा सके।अधीक्षण अभियंता ने कहा कि खराब मीटरों को बदलने के लिए अभियान चलाया जाएगा। वहीं झटपट पोर्टल और निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सरल तरीके से समय से विद्युत कनेक्शन मिल सके।उन्होंने संविदा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। सभी संविदा कर्मियों को आवश्यक सेफ्टी किट के साथ ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उपकेंद्रों पर शटडाउन लेने और देने की प्रक्रिया को लिखित रूप में सुनिश्चित करने की बात कही। शटडाउन लेने-देने वाले कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।नवागत अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: 25 हजार इनामियां किशन गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना शादियाबाद पुलिस द्वारा मु0अ0स0 35/2026 धारा 305(e) बीएनएस व मु0अ0सं0 44/2026 धारा 305(e) …