Breaking News

विश्वकर्मा पूजा पर एमएमएमयूटी में स्वच्छता पखवाड़ा व नि:शुल्क मशीनिस्ट प्रशिक्षण शुरू

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की केंद्रीय कार्यशाला में गुरुवार को मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुई। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजन, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कार्यशाला के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा स्वच्छता पखवाड़े और नि:शुल्क मशीनिस्ट कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ भी माननीय कुलपति जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कार्यशाला अधीक्षक अंजनी कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कार्यशाला के विकास और तकनीकी परंपरा को मजबूत बनाने में इन कर्मचारियों का योगदान प्रेरणास्रोत रहा है। विश्वकर्मा पूजा के साथ केंद्रीय कार्यशाला में स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह अभियान विश्वकर्मा पूजा से गांधी जयंती तक चलेगा। कार्यशाला के कर्मचारियों ने अगले 15 दिनों तक श्रमदान के माध्यम से अपने-अपने कार्यस्थलों और कार्यशाला परिसर में नियमित सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर केंद्रीय कार्यशाला में मशीनिस्ट ट्रेड के अल्पकालिक नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 20 प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान चयनित युवाओं को मशीनिस्ट ट्रेड से जुड़े आधुनिक मशीन उपकरणों का संचालन, माप एवं कटिंग तकनीक, मशीनिंग प्रक्रियाएं तथा अन्य व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख तकनीकी दक्षता उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क होगा और प्रतिभागियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कार्यशाला परिसर में वृहद पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। कार्यशाला अधीक्षक अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियां लगभग एक सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं, जिसके चलते सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस अवसर पर कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, अधिष्ठाता प्रो. जीऊत सिंह, प्रो बी के पांडेय, प्रो डी के द्विवेदी, विभागाध्यक्ष प्रो. संजय मिश्र, सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में अंजनी कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: डीएम ने किया एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण, दलाल को भेजा थाने  

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा आज एआरटीओ कार्यालय गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण …