गाजीपुर। थाना गहमर क्षेत्रांतर्गत मां कामाख्या धाम में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान विशाल सिंह चंचल अपने जनप्रतिनिधियों के साथ तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही क्षेत्राधिकारी जमानिया, प्रभारी निरीक्षक गहमर मय पुलिस बल, पीआरडी जवान, होमगार्ड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पैदल गश्त के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु आवश्यक सतर्कता बरती गई। जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। इसके पहले एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होने बताया कि जनता दर्शन केवल जनसमस्याओं को सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि उन उम्मीदों और विश्वास को पूरा करने का एक प्रयास है, जिन्हें लेकर एक आम आदमी, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति अपनी पीड़ा लेकर हमारे पास आता है। आज जनता दर्शन के दौरान गाजीपुर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम जनमानस एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। हमारा प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति निराश होकर न लौटे, हर पीड़ित को न्याय मिले और हर चेहरे पर संतोष की मुस्कान आए। क्योंकि जनसेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि संवेदना, विश्वास और समर्पण का भाव है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा ही हमारा संकल्प। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख राजन सिंह व भाजपा के युवा नेता हिमांशु सिंह मौजूद थे।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….